- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Baran
- The Scripture Is Not Agreeable To Death, It Is Sufficient To Feed The Brahmins, Do The Rituals In The Shraddha, Give Cows To The Fodder And Birds.
मन से त्यागें मृत्यु भोज:शास्त्र सम्मत नहीं है मृत्युभोज, ब्राह्मणों को भोजन कराना ही पर्याप्त, श्राद्ध में करें विधिवत तर्पण, गायों को चारा-पक्षियों को दें दाना
बारां2 वर्ष पहले
- कॉपी लिंक
- मृत्यु पर गम बांटिए..! सामाजिक बदलाव के लिए दैनिक भास्कर की समाज के साथ पहल
- धर्मगुरुओं का मत... आर्थिक रूप से कमजाेर लोग तो बारहवीं करने के चक्कर में कर्जदार बन जाते हैं
मृत्युभोज जैसी कुप्रथा को पंडित-पुराेहित भी शास्त्र सम्मत नहीं मानते हैं। भास्कर ने इस विषय पर शहर के विभिन्न पंडित, पुरोहित और प्रमुख मंंदिरों के पुजारियों से बातचीत की, और उनका मत जाना। सभी ने एक स्वर में कहा कि मृत्युभोज शास्त्र सम्मत नहीं है। ब्राह्मणों को भोजन कराना ही पर्याप्त है। वहीं जिलेभर से विभिन्न समाज के युवाओं, समाज प्रमुखों ने हमें संदेश भेजे। सभी ने कहा है कि मृत्युभोज की परंपरा बंद होनी चाहिए। मृत्युभोज शास्त्र सम्मत नहीं, यह किसी के लिए दिखावा है, तो ज्यादातर के लिए मजबूरी कि समाज क्या कहेगा...! ऐसा दिखावा किस काम का, जो गरीब को कर्जदार बना दे। ऐसी कुप्रथा बंद होनी चाहिए। एक ब्राह्मण को भोजन कराना ही पर्याप्त है। कोई भी कुप्रथा कभी भी धर्म सम्मत, शास्त्र सम्मत नहीं हो सकती। मृत्युभोज की बजाए आप गरीबों को दान कर दें या जनहित का कोई काम करवा दें। जिले के कई लोगों, समाज प्रमुखों ने मृत्युभोज में शामिल न होने का संकल्प लिया है।
धर्मगुरुओं का मत... लोकाचार में है परंपरा, शास्त्रों में मृत्युभोज का कहीं भी उल्लेख
नहीं
भास्कर की पहल सराहनीय, मृत्युभोज की कुप्रथा बंद हो
ज्योतिषाचार्य ग्राम गुरु बारां पंडित रविशंकर शृंगी का कहना है कि भास्कर सामाजिक बदलाव के लिए सराहनीय काम कर रहा है। शास्त्रों में इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि मृत्यु भोज पर बड़ा आयोजन होना चाहिए। बड़े भोज आयोजन करने का कोई लाभ नहीं है। उस परिवार को 12 ब्राह्मणों को भोज करवाना चाहिए।
उनको सफेद साफी, जनेऊ, एक पात्र दान करना चाहिए। जिस तिथि को व्यक्ति की मृत्यु होती है, उस तिथि को श्राद्ध पक्ष में ब्राह्मण या पंडित से तर्पण करवाना चाहिए। ब्राह्मण भोज कराना चाहिए। गाय को चारा, पक्षी को दाना देना चाहिए। श्राद्ध पक्ष का विशेष महत्व है। मृत्युभोज की कुप्रथा को पूरी तरह से बंद करना चाहिए। भास्कर की इस अनूठी पहल से लोग जागरूक होंगे।
निर्धनों पर आर्थिक बोझ है मृत्युभोज, यह बंद हो
श्रीजी मंदिर के पुजारी पंडित वीरेंद्र शर्मा का कहना है कि भास्कर की ओर से अच्छी पहल की गई है। शास्त्रों में मृत्युभोज का उल्लेख नहीं है। अगर उल्लेख है तो सिर्फ उस पुण्य आत्मा की शांति के लिए यज्ञ, तर्पण, पशु
पक्षियों को दाना-पानी व ब्राह्मण भोज का है। यह कुप्रथा शोक की ऐसी लहर है, जो निर्धन व्यक्ति पर आर्थिक बोझ बनकर उसे कर्ज की ओर ले जाती है।
इसलिए यह सामाजिक कुप्रथा बंद होनी चाहिए क्योंकि यह एक ‘रूढ़िवादी कुप्रथा’ है। जिसका कहीं कोई उल्लेख अथवा प्रमाण मौजूद नहीं है। इस कुप्रथा के विरुद्ध भास्कर की इस अच्छी पहल पर हम पूरी तरह से सहमत हैं। भास्कर ने इस मुद्दे पर सभी लोगों और समाजओं को आगे आकर जागरुकता दिखानी चाहिए और इस कुप्रथा पर रोक लगानी चाहिए।
गरीब लोगों के लिए घातक है मृत्यु
भोज की कुप्रथा
सीताबाड़ी स्थित जन आस्था का केंद्र लक्ष्मण मंदिर के महंत राजेंद्र मालवीय ने मृत्युभोज के खिलाफ भास्कर की ओर से चलाई गई इस मुहिम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस कुप्रथा के कारण परंपराओं का निर्वहन करने के लिए कई बार गरीब परिवारों को कर्जदार भी होना पड़ता है। घर में परिवार के सदस्य की मौत होने की वजह से पहले से ही पूरा परिवार सदमे में रहता है।
ऐसे में इस कुप्रथा की वजह से खासकर गरीब परिवारों को दोगुना आघात पहुंचता है। कई लोग कर्जा लेकर भी इस गलत परंपरा का निर्वहन करने को मजबूर हो जाते हैं। जबकि इस तरह की प्रथा का शास्त्रों में कोई उल्लेख नहीं किया गया है। मृतक व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए तर्पण क्रिया, हवन वगैरह को ही जरूरी माना गया है। भास्कर की इस पहल से लोगों को नई प्रेरणा मिलेगी।
वाॅट्सएप पर आए जिलेभर से संदेश...मृत्युभोज बिल्कुल बंद होना चाहिए
मृत्युभोज केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, अपितु समाज पर एक कलंक है। राज्य सरकार की इस जोरदार पहल का समाज स्वागत करता है। समाज के युवाओं सहित एक बड़ा वर्ग
इस कुप्रथा का बहिष्कार करता आया है। जन-जागरण के माध्यम से सरकार के निर्देशों का पालन करना और करवाना चाहिए।
-सचिन सनाढ्य मंडोला, महामंत्री, युवा सनाढ्य महासभा, बारां देहात
मृत्युभोज बिल्कुल बंद होना चाहिए। इसकी जगह आप गरीबों को भोज, कन्याभोज और ब्राह्मण भोज करवाओ। मृत्युभोज ग्रामीण इलाकों में तो एक आवश्यक परंपरा बनी हुई है। कितना ही गरीब व्यक्ति हो, अगर उसके परिवार में किसी की मौत हो गई तो उसे मृत्युभोज तो देना ही पड़ेगा। इसमें सजा का प्रावधान हो, ताकि लोग पूरी
तरह पाबंद हों।
-लालवीर मीणा (अध्यापक), ग्राम-स्वरूपपुरा पोस्ट-रेलावन तह.किशनगंज जिला-बारां
मृत्युभोज एक सामाजिक बुराई है। कई जगह मृत्युभोज का आयोजन नहीं करने पर व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत कर दिया जाता है। ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई हो। इसे सब लोगों के सहयोग से बंद करना चाहिए। मृत्युभोज का दबाव डालने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
-छाेटूलाल मीना, शिक्षक, खेड़लीरावन अटरू